बद्रीनाथ धाम में चढ़ावा चोरी के मामले में पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने दूसरी गिरफ्तारी कर ली है। शुक्रवार को बदरी-केदार मंदिर समिति (BKTC) के पूर्व टेंपल अधिकारी एवं तत्कालीन थाली भेंट गणना प्रभारी राजेंद्र सिंह चौहान को ज्योतिर्मठ से गिरफ्तार किया गया। चौहान 30 जून को ही अपने पद से सेवानिवृत्त हुए थे। गिरफ्तारी से पहले उनसे करीब चार घंटे तक पूछताछ की गई। इससे पहले BKTC के कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को 12 जुलाई को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान मिले CCTV फुटेज, गवाहों के बयान, दस्तावेजी और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों में राजेंद्र चौहान की भूमिका सामने आई है।