पश्चिम बंगाल में सेकेंड फेज की 142 सीटों पर वोटिंग हो रही है। सुबह 9 बजे तक 18.39% वोटिंग हो चुकी है। मतदान के लिए सुबह 5.30 बजे से ही लोग बूथों पर पहुंचने लगे थे। ज्यादातर बूथों पर महिलाओं की लंबी लाइन लगी है। हावड़ा के बाली में EVM में गड़बड़ी की बात को लेकर हंगामा हो गया। CRPF जवानों ने दो लोगों को हिरासत में लिया। नादिया के छपरा में BJP एजेंट ने TMC कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप लगाया। सेकेंड फेज के चुनाव में सबसे कड़ा मुकाबला भवानीपुर सीट पर है। यह CM ममता बनर्जी की परंपरागत सीट है। ममता के खिलाफ भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी चुनाव लड़ रहे हैं। सुवेंदु 2021 में ममता को नंदीग्राम से हरा चुके हैं।