4 मई को 5 राज्यों के चुनावों के रिजल्ट आने के बाद बंगाल और तमिलनाडु में नए सीएम की शपथ हो चुकी है। पुडुचेरी और असम में सीएम का नाम और शपथ की तारीख तय हो गई है, लेकिन 6 दिन बाद भी केरलम में पूर्ण बहुमत पाने वाले कांग्रेस के गठबंधन ने अपने सीएम के नाम का ऐलान नहीं किया है। कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल, पिछले विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वी.डी. सतीशन और 6 बार के विधायक रमेश चेन्निथला यहां मुख्यमंत्री की रेस में सबसे आगे चल रहे हैं। 6 मई को कांग्रेस ने मुकुल वासनिक और अजय माकन को पर्यवेक्षक बनाकर केरलम भेजा था। बैठक के बाद उन्होंने कहा कि हमने सभी विधायकों से बात कर ली है।